बीकानेर में इन दिनों एक कथित वायरल ऑडियो ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। करीब 19 मिनट 42 सेकंड लंबे इस ऑडियो को लेकर सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि इस ऑडियो में एक पूर्व कैबिनेट मंत्री स्तर के वरिष्ठ नेता अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं। कथित तौर पर वे पार्टी के अंदर गुटबाजी और आपसी विरोध के चलते चुनाव में हार का जिम्मेदार अपने ही साथियों को ठहरा रहे हैं।
ऑडियो में यह भी दावा किया गया है कि चुनाव के दौरान भारी-भरकम राशि खर्च की गई थी, लेकिन अंदरूनी खींचतान के कारण अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका। इसमें कई नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए जाने से मामला और संवेदनशील हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह ऑडियो ऐसे नेता से जुड़ा बताया जा रहा है जो कई बार चुनाव लड़ चुका है और राजस्थान सरकार में मंत्री पद पर भी रह चुका है।
- Advertisement -
हालांकि, इस वायरल ऑडियो की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जिससे इसकी सत्यता को लेकर संशय बना हुआ है। इसके बावजूद यह मामला राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।

