बीकानेर। जिले के खाजूवाला क्षेत्र से लगने वाले अंतरराष्ट्रीय सीमा इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक युवक बीएसएफ की वर्दी पहने हुए मिला, जिससे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने अपने नाम सतनाम सिंह जटसिख और दलजीत सिंह जटसिख बताए हैं। उन्होंने खुद को पंजाब के फिरोजपुर जिले का निवासी बताया है। बीएसएफ ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को आगे की जांच के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों युवक अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास किस उद्देश्य से पहुंचे थे। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं उनका संबंध किसी अवैध गतिविधि से तो नहीं है।
जानकारी के अनुसार खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र पाकिस्तान से होने वाली हेरोइन तस्करी के लिए पहले भी चर्चा में रहा है। पूर्व में इस तरह के मामलों में पंजाब के कुछ लोगों का कनेक्शन सामने आ चुका है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पकड़े गए युवक भी किसी तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
- Advertisement -
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सीमा क्षेत्र से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई थी। बीकानेर और श्रीगंगानगर से सटी पाकिस्तान सीमा पर समय-समय पर तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। फिलहाल एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।

