बीकानेर। खेत में कृषि कार्य के दौरान पेड़ की टहनी गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। यह घटना बज्जू थाना क्षेत्र के रोही शेखसर इलाके में 11 मार्च की शाम करीब 5 बजे हुई।
इस संबंध में मृतक के भाई हंसराज पुत्र धन्नाराम ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई दलीप खेत में खेती का काम कर रहा था। उसी दौरान अचानक पेड़ की एक टहनी टूटकर उसके ऊपर गिर गई।
टहनी गिरने से दलीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

