बीकानेर। शहर में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कमी के कारण आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है और लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि गैस की कमी के चलते कई स्थानों पर सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे गैस संकट और बढ़ गया है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी अन्य दलों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
- Advertisement -
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, डॉ. राजेंद्र मूंड, यशपाल गहलोत, भंवर कूकणा, आनंद सिंह सोढ़ा, मंगलाराम गोदारा, जावेद पड़िहार, अरविंद मिढ्ढा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

