बीकानेर में फाल्गुन की मस्ती अपने चरम पर रही और होली का उत्सव इस बार खास अंदाज में मनाया गया। बीकानेरवासियों ने एक अलग ही दृश्य देखा, जब बीकानेर की जिला कलक्टर एवं जिलाधिकारी Namrata Vrishni ने औपचारिकता छोड़ आमजन के साथ खुलकर होली खेली।
उन्होंने चंग थामकर पारंपरिक धुनों पर न सिर्फ ताल दी, बल्कि खुद भी उत्साह के साथ रंगों के इस पर्व में शामिल हुईं। उनका चेहरा गुलाल और अबीर से सराबोर था और वे पूरी आत्मीयता से लोक परंपरा का आनंद लेती नजर आईं।
तीसरी होली बनी यादगार
बीकानेर में जिला कलेक्टर के रूप में यह उनकी तीसरी होली थी। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी उन्होंने त्योहार को आमजन के साथ मिलकर मनाया। हालांकि इस बार चंग की थाप पर उनका उत्साह और सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।
सोशल मीडिया पर वीडियो
होली के दौरान चंग बजाते और थिरकते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। बीकानेरवासियों ने इसे बेहद सराहा। कई लोगों ने कमेंट कर लिखा कि “कलक्टर मैम ने दिल जीत लिया”, तो कुछ ने इसे “बीकानेर की असली होली” बताया।
- Advertisement -
परंपरा और प्रशासन का सुंदर संगम
बीकानेर की पहचान चंग, धमार और फाल्गुनी गीतों से जुड़ी रही है। ऐसे में जिला प्रशासन की मुखिया का इस अंदाज में उत्सव में शामिल होना लोगों को खास लगा। इससे यह संदेश भी गया कि प्रशासन और जनता के बीच दूरी नहीं, बल्कि अपनापन है।

