बीकानेर। जिले के एक थाना क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन घर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 22 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। घर के पास ही तीन लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जबरन अपने घर ले जाने का प्रयास किया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से उसे लगातार परेशान कर रहा था। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने महिला की गोद से उसके दो वर्षीय बेटे को छीनकर फेंक दिया, उसके कपड़े फाड़े और गाली-गलौज की।
- Advertisement -
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

