बीकानेर जिले के कतरियासर स्थित मंदिर में हुई चोरी के मामले को लेकर जसनाथ संप्रदाय का असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। 17 अप्रैल 2023 को हुई इस घटना के लगभग 33 माह बीत जाने के बावजूद अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे श्रद्धालुओं और समाज के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में कतरियासर के अजय सिद्ध और बम्बलू गांव के भंवरलाल कुकणा ने बीकानेर की दिशा में पैदल यात्रा शुरू की है। इस यात्रा को प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का शांतिपूर्ण माध्यम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष अक्टूबर में पुलिस प्रशासन ने एक माह के भीतर मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। इससे जसनाथ संप्रदाय की आस्था को ठेस पहुंची है और लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
पैदल आंदोलन की शुरुआत के बाद अजय सिद्ध और यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवरलाल कुकणा ने बम्बलू गांव में रात्रि विश्राम किया। भंवरलाल कुकणा ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक चेतावनी है। यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो राजस्थान भर के जसनाथ अनुयायियों को एकजुट कर बीकानेर में महापंचायत आयोजित की जाएगी।
- Advertisement -
इस पैदल आंदोलन में अजय ज्याणी, मुनिनाथ सिद्ध, बाबूलाल कुकणा, प्रभुनाथ सिद्ध, काशीराम नाई सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और संप्रदाय के लोग शामिल हुए हैं। सभी की मांग है कि मंदिर चोरी का जल्द से जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।

