बसंत पंचमी के पावन अवसर पर प्रकृति के बदलते रंगों के बीच उल्लास, आनंद और संगीत से भरपूर चंग धमाल की शुरुआत हुई। इस दिन विद्या, संगीत और कला की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा की जाती है। इसी परंपरा के तहत बीकानेर के लालानी व्यासों के चौक में मां सरस्वती के पूजन के पश्चात चंग पूजन कर होली महोत्सव का आगाज किया गया।
चंग पूजन के साथ शुरू हुआ यह सांस्कृतिक आयोजन अब होली पर्व तक निरंतर चलता रहेगा, जिसमें पारंपरिक लोकसंगीत और धमाल के माध्यम से उत्सव का रंग चढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान अभिषेक पुरोहित, एडवोकेट मुकुंद व्यास, अजय पुरोहित, अक्षय व्यास, मिथुन पुरोहित, विष्णुकांत व्यास, संदीप व्यास, सुरेश पुरोहित और बिल्लू व्यास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन के साथ ही बसंत ऋतु के आगमन और मौसम में बदलाव का संदेश भी दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

