नोखा पुलिस थाने में भूमि विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला दर्ज हुआ है, जिसमें धोखाधड़ी, चोरी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप शामिल हैं। रोड़ा रोडा, नोखा निवासी खियाराम पुत्र भैराराम नाई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि नगर पालिका नोखा द्वारा जारी आवासीय पट्टे वाले भूखंड को उन्होंने 4 सितंबर 2025 को उप पंजीयक कार्यालय में अपने नाम करवाया था।
निर्माण के अगले ही दिन दीवार तोड़ी, गेट चोरी
खियाराम के अनुसार, उन्होंने 5 नवंबर 2025 को अपने भूखंड पर गेट और चारदिवारी का निर्माण कार्य करवाया, जो शाम तक पूरा भी हो गया था। लेकिन अगले दिन सुबह उन्हें जानकारी मिली कि रात में किसी ने उनकी बनाई हुई दीवार तोड़ दी और लगाया गया गेट भी चोरी कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की करतूत कैद
जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो आसपास लगे कैमरों की फुटेज में शिवराज पुत्र जगमालराम विश्नोई, निवासी विश्नोई बास रोडा, दीवार गिराते और गेट ले जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। यह घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई गई है।
पट्टे का दावा और जान से मारने की धमकी
पीड़ित खियाराम का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी से बात करने की कोशिश की तो शिवराज ने दावा किया कि जमीन उसी की है। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और चेतावनी दी कि यदि उन्होंने भूखंड पर कब्जा जारी रखा तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।
- Advertisement -
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी और धमकी संबंधी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह सत्यापित कर रही है कि भूमि संबंधी दस्तावेज किसके पक्ष में मान्य हैं और आरोपी की मंशा क्या थी।
