


ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर क्षेत्र में की गई संयुक्त छापेमारी में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र एटीएस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों एक व्हाट्सएप ग्रुप के सक्रिय सदस्य थे, जहां कथित रूप से ‘जिहाद’ जैसे संवेदनशील विषयों पर चर्चा की जा रही थी और युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रेरित करने की कोशिश की जा रही थी।
एटीएस सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश एटीएस को इस ग्रुप से जुड़े कट्टरपंथी गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर दोनों राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों ने बदलापुर में एक घर पर छापा मारकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में से एक उत्तर प्रदेश का निवासी है, जबकि दूसरा बदलापुर का ही रहने वाला है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस व्हाट्सएप ग्रुप के कुछ सदस्य पाकिस्तान में मौजूद लोगों से संपर्क में थे।
बताया जा रहा है कि इस ग्रुप के माध्यम से युवाओं को एक आतंकी संगठन के लिए वैचारिक रूप से तैयार किया जा रहा था। ग्रुप में ‘जिहाद’ जैसे शब्दों का बार-बार प्रयोग और उस पर विस्तार से चर्चा इस गतिविधि की गंभीरता को दर्शाता है।
- Advertisement -

इससे पहले इसी केस में एक और आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। उसी से पूछताछ के दौरान मुंबई के पास रहने वाले इन दो अन्य संदिग्धों की जानकारी सामने आई। इसके बाद महाराष्ट्र एटीएस की मदद से ठाणे में कार्रवाई की गई।
फिलहाल दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश एटीएस के सुपुर्द कर दिया गया है और मामले की गहराई से जांच जारी है। एजेंसियां इस नेटवर्क की जड़ों और पाकिस्तान कनेक्शन की तह तक जाने में जुटी हैं।