


बीकानेर में तिरंगा यात्रा संयोजक नियुक्त, तैयारी जोरों पर
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार जिले में आयोजित होने वाली ‘हर घर तिरंगा – तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम के लिए संयोजक और सहसंयोजकों की नियुक्ति की गई है। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने जानकारी दी कि विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस और तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन हेतु भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिला स्तरीय समिति का गठन किया है।
इस समिति में भाजपा जिला प्रवक्ता महेन्द्र ढाका को कार्यक्रम का संयोजक, जबकि मांगीलाल गोदारा और नरेंद्र चौहान को सहसंयोजक नियुक्त किया गया है।
जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि तिरंगा यात्रा 10 अगस्त से 14 अगस्त 2025 तक जिले के देहात क्षेत्रों में मंडल और जिला स्तर पर निकाली जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को सशक्त करना और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करना है।
- Advertisement -

उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और राष्ट्रसेवा का अवसर है, और यह भाजपा की राष्ट्रनिष्ठ भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिले के सभी मंडलों के कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
भाजपा की इस पहल से स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल और अधिक सशक्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।