


देश में कोरोना संक्रमण फिर बढ़ा, दिल्ली में 5 महीने के बच्चे की मौत
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 संक्रमण एक बार फिर चिंता का विषय बनता जा रहा है। बीते 24 घंटों में कोरोना के 391 नए सक्रिय मामले सामने आए हैं, जबकि 760 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। इस दौरान चार और मरीजों की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या 59 हो गई है।
राजधानी दिल्ली में 5 महीने के एक बच्चे की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 5755 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना के सबसे अधिक मामले केरल में दर्ज किए गए हैं, जहां 1806 सक्रिय मरीज हैं। इसके अलावा दिल्ली में 665, गुजरात में 717, पश्चिम बंगाल में 622, महाराष्ट्र में 577, कर्नाटक में 444 सक्रिय मरीज हैं।
- Advertisement -
पिछले 24 घंटों में जिन राज्यों में कोरोना से मौतें हुई हैं, उनमें केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तमिलनाडु शामिल हैं।
नए वैरिएंट का खतरा:
मंत्रालय का कहना है कि कोरोना मामलों में यह वृद्धि नए सब-वैरिएंट्स के प्रसार के कारण हो रही है। इसमें एलएफ.7, एक्सएफजी, जेएन.1 और एनबी.1.8.1 जैसे वैरिएंट शामिल हैं, जो तेजी से फैलने की क्षमता रखते हैं।
संक्रमण के आंकड़े (कुछ प्रमुख राज्य):
-
केरल: 1806
-
गुजरात: 717
-
दिल्ली: 665
-
पश्चिम बंगाल: 622
-
महाराष्ट्र: 577
-
कर्नाटक: 444
-
उत्तर प्रदेश: 208
-
तमिलनाडु: 194
-
राजस्थान: 108
देश के कई अन्य राज्यों में भी मामले दर्ज किए गए हैं, हालांकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में अब तक कोई नया केस सामने नहीं आया है।
सरकार की अपील:
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने, मास्क पहनने और नियमित रूप से हाथ धोने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थिति अभी नियंत्रण में है और घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।