एक अमेरिकन चैनल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड आतंकी गोल्डी बराड़ की अमेरिका में हत्या होने का दावा किया है। हत्या की जिम्मेदारी आतंकी गैंगस्टर अर्शदीप सिंह डल्ला और लखबीर सिंह ने ली है। हालांकि पंजाब पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक आतंकी बराड़ की हत्या की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। इसके लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है।
श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला गोल्डी बराड़
चैनल के मुताबिक, अमेरिका के फेयरमोंट और होल्ट एवेन्यू में मंगलवार शाम को बराड़ को गोलियां मारी गईं। बता दें कि बराड़ लॉरेंस बिश्नोई गिरोहको चला रहा था। पहले वह कनाडा में था, लेकिन मूसेवाला के कत्ल के बाद वह अमेरिका शिफ्ट हो गया था। गोल्डी बराड़ पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले का रहने वाला था। उसका जन्म 1994 में हुआ था। बराड़ का नाम सतविंदर सिंह था। पिता पंजाब पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई अकाली नेता गुरलाल बराड़ की चंडीगढ़ में अक्टूबर 2020 में एक क्लब के बाहर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
पंजाब यूनिवर्सिटी का छात्र था गोल्डी बराड़
- Advertisement -
वह पंजाब विश्वविद्यालय का छात्र था। गुरलाल बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का करीबी था। दोनों स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़े रहे। गुरलाल की हत्या के बाद लॉरेंस गिरोहने इंटरनेट मीडिया पर लिखा था अब नई जंग की शुरुआत सड़कों पर खून बहेगा। इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी बराड़ ने अपराध का रास्ता चुना और लॉरेंस से हाथ मिला लिया।

