बीकानेर। प्रदेश की करीब 250 बार एसोसिएशन में आज एक साथ चुनाव होंगे। तहसील से लेकर हाई कोर्ट स्तर की बार एसोसिएशन के लिए आज वोटिंग होगी। इन बार एसोसिएशन से करीब 1 लाख 4 हज़ार अधिवक्ता जुड़े हुए हैं। वहीं शनिवार को सभी जगह एक साथ काउंटिंग भी होगी।
‘वन वोट वन बार’ के नियम के तहत यह चुनाव करवाए जा रहे हैं। राजस्थान हाई कोर्ट ने दिसम्बर के दूसरे सप्ताह के शुक्रवार को वोटिंग कराना तय किया था। इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट ने भी यथावत रखा था। जिसके बाद आज यह चुनाव होने जा रहे हैं।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर में सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू हो गई। जो शाम 5 बजे तक चलेगी। यहां करीब 4,660 बोटर हैं। जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव अधिकारी राजेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि हाई कोर्ट बार के चुनावों को लेकर पूरे परिसर को सीसीटीवी सर्विलांस पर रखा गया हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता के लिए पहली बार मतदान हॉल की लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी। जिसे हाई कोर्ट परिसर में लगी बड़ी स्क्रीन पर लोग देख सकेंगे।
हाई कोर्ट बार के लिए अध्यक्ष पद पर 5, महासचिव के पद के लिए 8, उपाध्यक्ष के लिए 5, संयुक्त सचिव के लिए 4, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक सचिव, लाइब्रेरी सैकेट्री और ज्वाइंट लाइब्रेरी सैकेट्री के लिए 2-2 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों के 8 पदों के लिए 19 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
