


बीकानेर। बीकानेर के गंगाशहर क्षेत्र में एक युवती का शव गुरुवार सुबह घर की कुंडी में मिला। वो लंबे समय से कैंसर से पीडि़त होने के कारण अवसाद में चल रही थी। उसके पिता ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दी, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया।
लाभूजी कटला में दुकान करने वाले गोपीकिशन की बीस साल की बेटी तानिया लंबे समय से बीमार थी। डॉक्टर्स ने उसको कैंसर बताया था। लंबे समय से उसका इलाज भी चल रहा था। स्वास्थ्य कभी ठीक रहता और कभी बिगड़ जाता। इससे वो अवसाद में आ गई थी। काफी समय से परेशान थी। बुधवार रात वो अपने नियत स्थान पर सो गई थी। परिजन भी वहीं सो रहे थे। गुरुवार सुबह उठे तो वो बिस्तर पर नहीं थी। इधर-उधर ढूंढने पर पता चला कि वो कहीं नहीं है। आसपास भी उसे ढूंढा गया लेकिन नहीं मिली। बाद में घर की कुंडी में नजर गई तो उसका शव वहीं तैरता मिला। बाद में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तानिया को तुरंत पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। उसके पिता ने पुलिस को बताया कि तीन चार साल से कैंसर होने के कारण अवसाद में थी। घटना के बाद से परिजनों में शोक की लहर है।
