


श्रीगंगानगर। जिले के श्रीबिजयनगर के गांव गुडली के पास मोटरसाइकिल आमने-सामने टकरा जाने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक घर से जरूरी काम के लिए जाने का कहकर निकले थे। दोनों के मोटरसाइकिल तेज स्पीड में थे। गांव गुडली के पास दोनों आपस में टकराए। तेज धमाके के साथ दोनों सडक़ पर गिर गए। उन्हें तुरंत पास के सरकारकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आसपास के लोगों ने संभाला
गांव गुडली का हेतराम (28) पुत्र भीयांराम गांव गुडली से श्रीबिजयनगर की तरफ जा रहा था। जबकि बखतावरपुरा निवासी विनोद (20) पुत्र सुखराम मोटरसाइकिल पर गुडली की तरफ जा रहा था। दोनों तेज रफ्तार में थे। गांव गुडली के पास ही दोनों की आमने-समाने भिड़ंत हो गई। दोनों सडक़ पर जा गिरे। तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। आसपास के लोगों और खेतों में काम कर रहे किसानों ने उन्हें संभाला।
घायलों को भिजवाया अस्पताल
दोनों को तुरंत श्रीबिजयनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मामला जैतसर थाना क्षेत्र का होने के कारण वहां से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान मृतकों के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई। परिजनों को जानकारी मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे। जहां शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया।
