बीकानेर में दोस्तों के साथ खड़े एक युवक और उसके साथियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में जेएनवीसी पुलिस थाने में कोहरिया का मोहल्ला निवासी युवराज सिंह ने स्कॉर्पियो में सवार दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
घटना 5 अप्रैल की रात करीब साढ़े दस बजे मेडिकल कॉलेज चौराहे की बताई जा रही है। प्रार्थी के अनुसार वह अपने दोस्तों के साथ वहां मौजूद था, तभी स्कॉर्पियो वाहन से उतरे आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक सड़क पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ही इस मामले ने तूल पकड़ा और अब कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।


