बीकानेर: शहर में हाल ही में हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर कोटगेट थाना पुलिस द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल की देर रात फड़बाजार स्थित मस्जिद वाली गली में कुछ लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
कोटगेट थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शांति भंग करने के आरोप में पांचों आरोपियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश के साथ पाबंद किया गया।


