बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र के जोधासर में शराब के ठेके पर तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। कैंपर वाहन में आए 5-6 बदमाशों ने लोहे के पाइपों से दुकान का शटर और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
डूंगरगढ़ के जोधासर निवासी धर्मेंद्र सिंह ने नोखा थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह देसलसर स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। यह दुकान आबकारी विभाग द्वारा उपेंद्र सिंह के नाम से आवंटित है और कोलायत रोड पर भारतमाला पुलिया के पास स्थित है।
धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, 5 अप्रैल की रात दुकान बंद करने के बाद वह छत पर सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें शटर तोड़ने की आवाज सुनाई दी। नीचे देखने पर उन्होंने जांगलू निवासी राजू खीचड़ और उसके साथ 5-6 लोगों को लोहे के पाइप से शटर तोड़ते देखा।
जब उन्होंने आवाज लगाकर पूछा, तो आरोपियों ने शराब मांगी। रात के समय शराब देने से मना करने पर राजू खीचड़ गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपियों ने शटर का ताला तोड़ा, लोहे की जाली को नुकसान पहुंचाया और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।
- Advertisement -
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के आने से पहले आरोपी कैंपर में बैठकर फरार हो गए। जाते समय वे टूटे हुए कैमरे भी साथ ले गए।
अगले दिन 6 अप्रैल को आरोपी ने फोन कर धर्मेंद्र सिंह को धमकी दी कि वह शराब का ठेका नहीं चलने देगा और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


