बीकानेर जिले में पुलिस ने सट्टा और जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है।
छत्तरगढ़ थाना पुलिस ने 465 आरडी गुरुद्वारे के पास इंदिरा गांधी नहर की पटरी पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को सट्टा पर्ची लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू (32) पुत्र हरपाल, निवासी रावतसर (हनुमानगढ़) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां, 1010 रुपये नकद, एक डायरी और पेन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आरपीजीओ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, जसरासर थाना पुलिस ने काकड़ा गांव में श्मशान भूमि के पास ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे चार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। गश्त के दौरान मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग दांव लगाते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से 5100 रुपये और ताश के पत्ते जब्त किए।
इस मामले में पुलिस ने पुनाराम, सुंदरलाल, दुर्गाराम और लालाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


