बीकानेर जिले में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने मंगलवार को लूणकरनसर ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रवेशोत्सव अभियान और शैक्षिक सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्यापन कार्य और प्रवेशोत्सव अभियान के तहत किए जा रहे प्रयासों का फीडबैक लिया गया। निदेशक ने बताया कि प्रवेशोत्सव के लिए चार चरणों में सर्वे कार्य के निर्देश दिए गए थे, जिनमें से पहला चरण 27 मार्च और दूसरा 7 अप्रैल से शुरू होना था।
राउमावि बामनवाली के निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई। विद्यालय में कोई विद्यार्थी उपस्थित नहीं मिला और अब तक केवल पांच नए प्रवेश ही दर्ज किए गए। आंगनबाड़ी से बच्चों का नामांकन भी नहीं कराया गया था और न ही प्रवेशोत्सव की कोई कार्य योजना प्रस्तुत की गई। इस पर प्राचार्य को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके बाद राउमावि धीरेरा का निरीक्षण किया गया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निदेशक ने ग्रामीणों और अभिभावकों से संवाद कर अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिलाने की अपील की।
- Advertisement -
वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हंसेरा में 16 में से केवल 9 कार्मिक ही उपस्थित मिले। बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर अध्यापिका रजनी बाला और विद्यालय सहायक गिरधारी लाल मूंड को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कार्यवाहक प्राचार्य द्वारा प्रवेशोत्सव अभियान की कोई प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण भी उपस्थित रहे।


