बीकानेर में इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग के चलते सट्टेबाजी का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है। आईपीएल के शुरू होते ही सटोरिये सक्रिय हो गए हैं और अब डिजिटल माध्यमों से हाईटेक तरीके अपनाकर मैचों पर दांव लगाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन और सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में नयाशहर पुलिस थाना की टीम ने मुरलीधर कॉलोनी में छापा मारा।
थाना अधिकारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस ने करीब 30 से 37 मोबाइल फोन और 3 लैपटॉप जब्त किए हैं, जिनके जरिए पूरा सट्टा नेटवर्क चलाया जा रहा था। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


