बीकानेर सहित राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बीकानेर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिसके कारण ठंडक बनी हुई है। नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने से रेगिस्तानी जिलों में बारिश के साथ बिजली चमकने और बादलों की गरज भी देखने को मिली।
इस बदले मौसम का असर जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी साफ नजर आया, जहां हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, जोधपुर और नागौर में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।


