बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और सीओ जरनैल सिंह की निगरानी में अंजाम दी गई। नोखा थाना प्रभारी अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के एक मकान पर दबिश दी, जहां से आरोपी ओमप्रकाश बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से 56 ग्राम एमडी ड्रग, 10 किलो से अधिक साबुत डोडा पोस्त और करीब 3 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा मिला। बरामद मादक पदार्थों की मात्रा को देखते हुए पुलिस इसे एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा मामला मान रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामलों में नामजद रह चुका है। इससे यह संकेत मिलता है कि वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय रहा है।
- Advertisement -
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस टीम इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में एसआई कुशलाराम, कांस्टेबल बाबूलाल, रामेश्वरलाल, जेठूसिंह और निर्मला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


