बीकानेर शहर में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। कोटगेट थाना पुलिस ने शहर के चर्चित जोकर कैफे पर कार्रवाई करते हुए अंदर बने अवैध केबिनों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने कैफे में अचानक दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि कैफे के अंदर छोटे-छोटे बंद केबिन बनाए गए थे, जिनका उपयोग संदिग्ध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने बिना देरी किए इन सभी केबिनों को तोड़ दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस प्रशासन ने कैफे संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि ऐसे बंद और अवैध ढांचे हटाए जाएं। बावजूद इसके, संचालकों ने निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया। आखिरकार पुलिस को खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी।
यह पहला मामला नहीं है जब इस कैफे पर कार्रवाई हुई हो। कोटगेट थाना पुलिस पहले भी कई बार यहां दबिश दे चुकी है। पिछले अभियानों में कई बार युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया था। लगातार मिल रही शिकायतों के चलते पुलिस ने इस बार सख्त रुख अपनाया।
- Advertisement -
स्थानीय लोगों की ओर से भी लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कैफे की आड़ में अनुचित गतिविधियां संचालित हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी निगरानी जारी रहेगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि यदि नियमों की अवहेलना जारी रही, तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अन्य कैफे संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।


