बीकानेर सहित पूरे राजस्थान में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं बेमौसम बारिश के कारण किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और फसलें प्रभावित हो रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी सोमवार से प्रदेश में एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 6 और 7 अप्रैल को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इसको लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही 14 जिलों में विशेष चेतावनी दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, दोपहर बाद जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर सहित कई इलाकों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर 7 अप्रैल को रहेगा, जब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि 9 अप्रैल से इस वेदर सिस्टम का प्रभाव खत्म होने लगेगा और मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा।


