बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के मोमासर गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही परिवार के लोगों को जिंदा जलाने की कोशिश की। समय रहते सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया और महिला व उसके बच्चे सुरक्षित बच गए।
पीड़िता हाजरा पत्नी आमीन लखारा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 1 अप्रैल की रात वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 9:30 बजे उसका भतीजा सलीम पुत्र मदन लखारा पेट्रोल लेकर घर पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए दरवाजा पीटने लगा।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने बाहर नहीं आने पर जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकी दी। इसके बाद उसने कमरे के दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही दरवाजा जलने लगा और घर के अंदर मौजूद महिला व बच्चों में हड़कंप मच गया।
शोर सुनकर पीड़िता का बेटा फारूक मौके पर पहुंचा और तुरंत आग बुझाकर सभी की जान बचाई। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया।
- Advertisement -
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी झगड़ालू प्रवृत्ति का रहा है और पूर्व में चोरी का प्रयास भी कर चुका है। साथ ही उसने आरोपी की मां मजूबानो और भाई शरीफ लखारा पर भी सहयोग करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई रामस्वरूप इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं और सभी पहलुओं पर गहनता से पड़ताल की जा रही है।


