बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में एक बड़े चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें पीड़ित के घर से लाखों रुपए मूल्य के जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हो गए।
पीड़ित सुरेन्द्र प्रजापत ने बताया कि 11 मार्च को परिवार सहित रिश्तेदारी में जाने के बाद 13 मार्च दोपहर लगभग 3 बजे लौटे तो देखा कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और अंदर का लॉकर भी खुला था। जांच में तीन बैग गायब पाए गए, जिनमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, पुराने नोट और जमीन संबंधी दस्तावेज रखे हुए थे। कुल नुकसान लगभग 60 लाख रुपए का बताया गया है।
सुरेन्द्र ने वीनू नवल, रमेश प्रजापत और राजेन्द्र प्रजापत उर्फ राजू सहित कुछ अन्य लोगों पर चोरी का संदेह जताया। आरोप है कि वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई।
पीड़ित ने 13 मार्च को थाना में शिकायत की और 17 मार्च को पुलिस अधीक्षक को भी अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई, जिसके आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -


