जयपुर में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ 1 अप्रैल से राजस्थान में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर आम जनता से लेकर वाहन चालकों तक सभी पर पड़ेगा।
सबसे बड़ा बदलाव नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए है, जहां टोल टैक्स में बढ़ोतरी की गई है। प्रदेश के 170 से अधिक टोल प्लाजा पर नई दरें लागू होंगी। हालांकि कार चालकों को राहत देते हुए उनके टोल में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए 5 से 30 रुपए तक की वृद्धि की गई है। रिंग रोड पर भी भारी वाहनों के लिए 5 से 20 रुपए तक टोल बढ़ाया गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार जयपुर-दिल्ली पुराने हाईवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा सहित जयपुर-किशनगढ़ और जयपुर-सीकर मार्ग के कई टोल बूथों पर नई दरें लागू होंगी। वहीं कारों के वार्षिक फास्टैग पास की कीमत में 75 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब यह 3000 की जगह 3075 रुपए में उपलब्ध होगा।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों के समय में बदलाव किया जाएगा। राज्य के स्कूलों में पहली बार नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। साथ ही गर्मी को देखते हुए सफारी के समय में भी परिवर्तन किया जाएगा। सरकार ने इन सभी बदलावों को लागू करने की पूरी तैयारी कर ली है।

