बीकानेर में आईपीएल सीजन की शुरुआत के साथ ही सट्टेबाजी का अवैध कारोबार एक बार फिर तेजी से सक्रिय हो गया है। शहर के कई इलाकों में सटोरियों ने अपना नेटवर्क फैला रखा है और मैच शुरू होने से पहले ही पंटरों को लाइन दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, एक-एक मैच पर करोड़ों से लेकर अरबों रुपये तक का सट्टा लगाया जा रहा है। सट्टेबाज अब पुलिस से बचने के लिए नए तरीके अपना रहे हैं, जिनमें मोबाइल के जरिए ऑनलाइन आईडी देकर कहीं से भी सट्टा खेलने की सुविधा शामिल है। इससे इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
शहर के जस्सूसर गेट, नत्थुसर गेट, बड़ा बाजार, गोपेश्वर बस्ती, व्यास कॉलोनी और अन्य कई इलाकों में सट्टेबाजी के ठिकाने सक्रिय बताए जा रहे हैं। खासतौर पर नयाशहर, कोतवाली, गंगाशहर और कोटगेट थाना क्षेत्र में यह गतिविधियां ज्यादा देखी जा रही हैं।
एक सटोरिए ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि हर सीजन में नए पंटर जोड़े जाते हैं और यह नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है। साथ ही, सट्टे के लिए ऊंचे ब्याज पर पैसा भी दिया जाता है, जिससे कई लोग आर्थिक और मानसिक दबाव में आ जाते हैं।
- Advertisement -
यह स्थिति प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। पुलिस के सामने इस संगठित नेटवर्क पर कार्रवाई करना आसान नहीं है, क्योंकि सटोरिए लगातार अपने तरीके बदल रहे हैं और गुप्त रूप से काम कर रहे हैं।

