मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राजस्थान में 27 से 30 मार्च के बीच मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। बीकानेर, जोधपुर और जयपुर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली।
इसके अलावा चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, जैसलमेर और फलोदी के कुछ हिस्सों में दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और धूलभरी हवाएं चलीं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हुई।
वहीं कोटा, उदयपुर और बाड़मेर के कुछ इलाकों में मौसम साफ रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
- Advertisement -
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 मार्च से एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय होगी, जिससे पूरे प्रदेश में असर देखने को मिलेगा। 28 से 30 मार्च के बीच कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है।
किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि कटी या पकी हुई फसलों को खुले में न रखें, बल्कि सुरक्षित स्थान पर ढककर रखें, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।

