अंतरराष्ट्रीय हालातों का असर अब भारत में ईंधन की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। नायरा एनर्जी ने देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। पेट्रोल की कीमत में 5.30 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
बताया जा रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं और इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर भारत पर पड़ा है।
देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। हैदराबाद में पेट्रोल 107.46 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जो सबसे अधिक है। वहीं मुंबई और कोलकाता में भी पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार बना हुआ है। डीजल के मामले में भी हैदराबाद 95.70 रुपये प्रति लीटर के साथ सबसे ऊपर है।
इस बीच सरकार ने साफ किया है कि देश में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी भी तरह की कमी नहीं है। तेल कंपनियों जैसे BPCL, HPCL और IOCL ने भी बयान जारी कर कहा है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई सामान्य बनी हुई है।
- Advertisement -
वहीं असदुद्दीन ओवैसी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि देश ऊर्जा संकट के लिए पूरी तरह तैयार नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि आगामी विधानसभा चुनावों के बाद ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

