बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में गांधी कॉलोनी पवनपुरी निवासी शशिबाला शर्मा ने पुलिस में परिवाद दर्ज करवाया, जिसके आधार पर अब केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रार्थीनी के अनुसार, 20 मार्च की रात करीब 10 से 10:30 बजे उनके 10 वर्षीय दोहिता और 12 वर्षीय दोहिती घर के बाहर गली में खेल रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली निशा छाबड़ा और उसका भाई चांद छाबड़ा बच्चों पर नाराज हो गए और उनके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि दोहिती को बालों से पकड़कर घसीटा गया और दोनों बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें छुड़वाया।
- Advertisement -
घटना के बाद परिजनों ने उसी रात थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन तीन दिन तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई।
अब पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच ईश्वर सिंह को सौंपी गई है।
प्रार्थीनी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

