बीकानेर से बठिंडा के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द बड़ी राहत मिलने की संभावना है। इस रूट पर 320 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण (डबल ट्रैक) की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
रेलवे द्वारा इस परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) पूरा कर लिया गया है और करीब 3887 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को रेलवे बोर्ड को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इस दोहरीकरण से ट्रेनों को सिग्नल के इंतजार में आउटर पर खड़ा नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समयपालन में सुधार होगा और यात्रियों का समय बचेगा।
डबल ट्रैक बनने के बाद इस रूट पर अधिक यात्री और मालगाड़ियां चलाई जा सकेंगी, जिससे राजस्थान और पंजाब के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
- Advertisement -
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य बठिंडा-लालगढ़ रेलखंड पर किया जाएगा। इस पूरी परियोजना से क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी।

