बीकानेर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बैंक में ड्यूटी पर तैनात एक गार्ड की अचानक मौत हो गई। मामला सदर थाना क्षेत्र स्थित पब्लिक पार्क ब्रांच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ा है।
इस संबंध में विराट नगर कोटपुतली निवासी विनोद गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता रामप्रताप उक्त बैंक शाखा में स्थायी गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान रात में बैंक परिसर की निगरानी करने के बाद रामप्रताप गार्ड रूम में आराम करने चले गए थे। कुछ समय बाद जब एक साथी कर्मचारी उन्हें देखने पहुंचा, तो वे अचेत अवस्था में मिले।
इसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

