बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पूजा के दौरान दीपक की लौ से साड़ी में आग लगने से एक महिला की मौत हो गई। घटना 20 मार्च को बी.के. स्कूल के पास स्थित डागा मोहल्ला की बताई जा रही है।
इस संबंध में मृतका के पिता घनश्याम बिस्सा, जो कि जोधपुर निवासी हैं, ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी बेटी ज्योति, जो अभिषेक व्यास की पत्नी थी, अपने ससुराल में पूजा कर रही थी। इसी दौरान दीपक की लौ उसकी साड़ी में लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना हादसा प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
- Advertisement -
इस घटना ने एक बार फिर घरेलू पूजा के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

