बीकानेर सहित पूरे राजस्थान के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं का परिणाम मंगलवार, 24 मार्च को दोपहर 1 बजे घोषित किया जाएगा। बोर्ड प्रशासन ने परिणाम जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बार का परिणाम कई मायनों में खास माना जा रहा है। पहली बार ऐसा हो रहा है जब 10वीं का रिजल्ट 12वीं के परिणाम से पहले जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही बोर्ड के इतिहास में यह भी पहली बार है कि मार्च महीने में ही परिणाम घोषित किया जा रहा है।
दरअसल, राज्य सरकार ने 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने समय से पहले परिणाम तैयार कर घोषित करने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा में कुल 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी शामिल हुए थे। अब सभी छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो कल दोपहर खत्म हो जाएगा।
- Advertisement -
बोर्ड की ओर से परिणाम जारी होते ही विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसके लिए रोल नंबर की आवश्यकता होगी।

