जयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने इस बार इतिहास रचते हुए 10वीं कक्षा का परिणाम मार्च महीने में जारी करने की तैयारी कर ली है। बोर्ड के 69 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा जब परिणाम इतनी जल्दी घोषित किया जाएगा।
बोर्ड ने इस उपलब्धि के लिए मिशन मोड पर काम करते हुए मात्र 20 दिनों में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया। खास बात यह है कि रोजाना औसतन 3 लाख से अधिक कॉपियों की जांच की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड समय में पूरा किया जा सका।
परीक्षा और परिणाम की टाइमलाइन
इस वर्ष 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं। बोर्ड का उद्देश्य 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करना है, इसलिए परिणाम जल्द जारी करने की तैयारी की गई है। पिछले वर्षों में यह परिणाम आमतौर पर मई के अंत में घोषित होता रहा है।
मिशन मोड में हुआ मूल्यांकन कार्य
तेजी से परिणाम तैयार करने के लिए बोर्ड ने कई बड़े कदम उठाए—
- Advertisement -
-
28 जिलों में मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए
-
परीक्षा के दो दिन के भीतर उत्तर पुस्तिकाएं जांच केंद्रों तक पहुंचाई गईं
-
परीक्षकों की संख्या बढ़ाकर निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई
-
मूल्यांकन की समयसीमा घटाकर 15 दिन से 10 दिन की गई
फैक्ट फाइल
-
10.68 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी
-
6193 परीक्षा केंद्र बनाए गए
-
कुल 6 विषयों की परीक्षाएं हुईं
-
64 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं
-
30 हजार से ज्यादा परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
यह पहल न केवल छात्रों के लिए राहत भरी है, बल्कि नए सत्र को समय पर शुरू करने में भी मददगार साबित होगी।

