बीकानेर जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देशनोक पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सोहनलाल है, जो पिछले करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था। उस पर पुलिस द्वारा 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
यह मामला अगस्त 2023 का है, जब देशनोक पुलिस ने करणी माता मंदिर के पास एक लावारिस खड़े ट्रक से 21 क्विंटल से अधिक डोडा (नशीला पदार्थ) बरामद किया था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सोहनलाल तब से फरार था।
लगातार प्रयासों और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस टीम ने अब उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे तस्करी के नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
- Advertisement -
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

