भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना परिसर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक कॉन्स्टेबल कैलाश (50) थाने में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे और पुलिस क्वार्टर में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार जयपुर में निवास करता है।
जानकारी के अनुसार, सुबह निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर थाना प्रभारी पूरण मीणा उन्हें बुलाने क्वार्टर पहुंचे। वहां उन्होंने कैलाश को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया। तुरंत उन्हें करेड़ा पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में ड्यूटी डॉक्टर ने साइलेंट हार्ट अटैक को मौत का कारण माना है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम करवाया गया है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना से पहले कैलाश मंदिर में पूजा करने आए थे और नवरात्रि व्रत होने के कारण उन्होंने सुबह का भोजन नहीं लेने की बात कही थी। इसके बाद वे वर्दी पहनने के लिए अपने क्वार्टर लौटे, जहां यह हादसा हो गया।

