बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में गुरुवार शाम एक व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी के हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखारा चौक स्थित श्री जगदम्बा ट्रेडर्स के संचालक ओमप्रकाश गोलछा ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वे शाम करीब 7 बजे अपनी दुकान से दिनभर की नकदी और जरूरी दस्तावेज लेकर बाइक से जोरावरपुरा स्थित अपने घर जा रहे थे।
गोलछा के मुताबिक, जैसे ही वे संतोषी चौक के पास पहुंचे, पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने अचानक उनके हाथ से थैला छीन लिया। थैले में करीब 1 लाख 58 हजार 910 रुपए नकद और महत्वपूर्ण कागजात मौजूद थे।
वारदात के बाद पीड़ित व्यापारी ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में गलियों में मुड़कर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
- Advertisement -
सूचना मिलते ही नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

