बीकानेर में जिला उद्योग संघ के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए, जिसमें व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर 4 बजे तक चला, जिसमें कुल 701 मतदाताओं में से 676 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प रहा, क्योंकि मैदान में डी.पी. पच्चीसिया और सुशील थिरानी आमने-सामने थे। खास बात यह रही कि दोनों उम्मीदवार आपस में मामा-भांजा के रिश्ते से जुड़े हैं, जिससे चुनाव और भी रोचक बन गया।
मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना में डी.पी. पच्चीसिया ने बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत के बाद पच्चीसिया का जोरदार स्वागत किया गया और समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठाकर जीत का जश्न मनाया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सभी मतदाताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वे उद्योग जगत के हितों के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। इस चुनाव को लेकर शहर के व्यापारिक वर्ग में खासा उत्साह देखने को मिला।
- Advertisement -

