नई दिल्ली। 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे पर यात्रा करना थोड़ा महंगा हो जाएगा। सड़क परिवहन मंत्रालय ने FASTag एनुअल पास की कीमत में 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है।
नई दरों के अनुसार अब निजी वाहन मालिकों को सालाना पास के लिए ₹3,000 के बजाय ₹3,075 चुकाने होंगे। यह पास देशभर के लगभग 200 टोल प्लाजा पर बिना रुके यात्रा करने की सुविधा प्रदान करता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होती है।
अधिकारियों का कहना है कि FASTag योजना शुरू करते समय ही हर साल इसकी कीमत की समीक्षा का प्रावधान रखा गया था। उसी के तहत इस बार मामूली बढ़ोतरी की गई है।
यह योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद मानी जाती है, जो नियमित रूप से लंबी दूरी तय करते हैं। अब तक करीब 52 लाख से अधिक लोग इस एनुअल पास का लाभ उठा चुके हैं।
- Advertisement -
यदि वाहन मालिक बढ़ी हुई कीमत से बचना चाहते हैं, तो वे 31 मार्च तक मौजूदा दर पर पास खरीद या रिचार्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 अप्रैल से नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।

