बीकानेर में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार लगातार सक्रिय नजर आ रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा, ऊर्जा और औद्योगिक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गर्मियों को देखते हुए पेयजल आपूर्ति के सभी इंतजाम समय पर पूरे कर लिए जाएं।
कोटगेट-सांखला फाटक कार्य दिसंबर तक पूरा
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि कोटगेट से सांखला फाटक तक चल रहा निर्माण कार्य इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही लालगढ़ रेलवे ओवरब्रिज का कार्य भी लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
सरकारी जमीन पर इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप
जिला परिषद की ओर से जानकारी दी गई कि Indian Oil Corporation शहर में सरकारी जमीन पर पेट्रोल पंप स्थापित करने की योजना बना रही है। यह पंप पंचायत समिति की जमीन पर स्थापित होगा और इसका संचालन भी कंपनी खुद करेगी। इससे जहां सरकार को राजस्व मिलेगा, वहीं लोगों को बेहतर गुणवत्ता का ईंधन उपलब्ध हो सकेगा।
- Advertisement -
बजट घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट
जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने बताया कि वर्ष 2024-25 की 89 घोषणाओं में से 48 पूरी हो चुकी हैं। वहीं 2025-26 की 101 घोषणाओं में से 18 कार्य पूरे हो गए हैं और कई अन्य प्रगति पर हैं।
कृषि और उद्योग को बढ़ावा
बैठक में किसानों के लिए सोलर पंप सब्सिडी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया, खासकर पश्चिमी राजस्थान के लिए 50 किलोवाट तक की अनुमति की मांग की गई। वहीं ‘मोठ’ को जीआई टैग दिलाने और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
ऊर्जा और सोलर प्रोजेक्ट पर जोर
पूगल क्षेत्र में 2450 मेगावाट क्षमता का सोलर प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना राजस्थान को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
अन्य प्रमुख निर्णय
-
संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का 5 अप्रैल तक सत्यापन
-
व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति जल्द शुरू
-
जर्जर स्कूल भवनों के सुधार और पुनर्निर्माण कार्य जारी
बैठक में जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

