बीकानेर में नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली को लेकर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। बार-बार नोटिस और अंतिम चेतावनी के बावजूद कर जमा नहीं कराने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर निगम ने सीधी कार्रवाई करते हुए 20 संस्थानों को सीज कर दिया।
निगम अधिकारियों के अनुसार, 16 मार्च 2026 को करीब 200 कुर्की पूर्व नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद भी जब संबंधित प्रतिष्ठानों ने बकाया कर जमा नहीं कराया, तो 17 और 18 मार्च को अभियान चलाकर सीज की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से शहर के अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई की जद में पेट्रोल पंप, निजी स्कूल, कोचिंग संस्थान, मॉल, जिम, होटल, बैंक, अस्पताल और बड़े आवासीय भवन शामिल हैं। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि करदाताओं को अब नोटिस का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है, वे स्वयं आगे आकर बकाया कर जमा करें, अन्यथा इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि मार्च माह में अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि लोग आसानी से अपना कर जमा कर सकें। साथ ही राज्य सरकार द्वारा दी जा रही छूट का लाभ लेने के लिए समय पर भुगतान करने की अपील की गई है।
- Advertisement -
इस पूरे अभियान में उपायुक्त यशपाल आहूजा, वित्तीय सलाहकार रामलाल, लेखाधिकारी अशोक कुमार माली सहित राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
नगर निगम की इस कार्रवाई को कर वसूली में तेजी लाने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

