बीकानेर में भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर सूरसागर झील परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसने पूरे शहर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। हर साल की तरह इस बार भी यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण बना।
वीर सावरकर पर्यावरण सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा सूरसागर क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों से बनाई गई स्वास्तिक, ‘जय श्रीराम’ और ‘ॐ’ की आकर्षक आकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर दीप जलाए और महाआरती में भाग लेकर नववर्ष का स्वागत किया। आयोजन के दौरान आतिशबाजी भी की गई और उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं।
समिति के संस्थापक सदस्य उम्मेद सिंह राजपुरोहित के अनुसार, इस कार्यक्रम की तैयारियां कई दिन पहले ही शुरू कर दी गई थीं। आसपास के क्षेत्रों में घर-घर रुई वितरित कर महिलाओं और बच्चों को दीपों की बत्तियां बनाने की जिम्मेदारी दी गई, जिससे आयोजन में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित हो सकी।
- Advertisement -
कार्यक्रम का शुभारंभ बीकानेर पूर्व क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला, जिसने इसे यादगार बना दिया।

