बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र से नवरात्रि स्थापना के दिन एक अहम प्रशासनिक फैसला सामने आया है। धार्मिक आस्था और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका नोखा ने बूचड़खानों और मांस विक्रय से जुड़ी दुकानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
यह निर्णय भाजपा मंडल अध्यक्ष गंगाराम पांडिया द्वारा दिए गए पत्र के बाद लिया गया। पालिका प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि 19 मार्च, प्रथम नवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र में संचालित सभी बूचड़खाने, मांस, मछली और अंडे की दुकानों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
नगर पालिका ने इस आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सफाई निरीक्षक लक्ष्मीनारायण शर्मा और निर्मल कुमार को निगरानी का दायित्व दिया गया है, ताकि नियमों का उल्लंघन न हो सके।
पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेशों का पालन करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर इस तरह के कदम को धार्मिक भावनाओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
- Advertisement -
स्थानीय स्तर पर इस फैसले को लेकर लोगों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, हालांकि अधिकांश लोग इसे परंपरा के अनुरूप मानते हुए समर्थन दे रहे हैं।

