जिले के पूगल थाना क्षेत्र में एक दंपति पर आधी रात को जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना करणीसर भाटियान गांव की है, जहां खेत में सो रहे पति-पत्नी पर कुछ लोगों ने लाठियों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 13 मार्च की रात करीब एक बजे की है। पीड़िता उर्मिला (26) पत्नी रेखाराम ने पूगल थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही कुछ लोग उनके खेत पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी लक्ष्मण ने महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चोट इतनी गहरी थी कि उसे टांके लगाने पड़े। इसके अलावा आरोपियों ने महिला के बाल पकड़कर उसे घसीटा और उसके पति के साथ भी मारपीट की।
हमले के दौरान दंपति के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस घटना में दोनों के शरीर पर कई चोटों के निशान बताए जा रहे हैं।
- Advertisement -
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।

