भारतीय नवसंवत्सर 2083 के आगमन को लेकर बीकानेर में उत्साह चरम पर है। शहर में वर्षों से निकलने वाली पारंपरिक धर्मयात्रा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस अवसर पर पूरा शहर भगवा पताकाओं से सजा हुआ नजर आ रहा है, जिससे धार्मिक माहौल और भी भव्य हो गया है।
धर्मयात्रा को सफल बनाने के उद्देश्य से आज 17 मार्च को एक विशाल वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार शामिल होंगे, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश देंगे।
यह रैली शाम 5 बजे पुष्करणा स्टेडियम से शुरू होगी। इसके बाद गोकुल सर्किल, नत्थुसर गेट, बारहगुवाड़ चौक, रतानी व्यासों का चौक, हर्षों का चौक, मोहता चौक, तेलीवाड़ा, दाऊजी मंदिर, जोशीवाड़ा, कोटगेट, केईएम रोड, सादुल सिंह सर्किल, हेड पोस्ट ऑफिस, रोशनी घर चौराहा और चौखुटी ओवरब्रिज से होते हुए जस्सुसर गेट पर समापन होगा।
नववर्ष समारोह समिति से जुड़े कार्यकर्ता रैली और आगामी धर्मयात्रा की तैयारियों में लगातार जुटे हुए हैं। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
- Advertisement -
नवसंवत्सर के इस पावन अवसर को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है, और बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

