प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा हनुमानगढ़ जिले के सरदारशहर रोड स्थित बरमसर के पास मेगा हाईवे पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बुलेट वॉल्वो बस श्रीगंगानगर के रावतसर से जयपुर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़ी सरसों से भरी दो ट्रॉलियों को ओवरटेक करने के प्रयास में बस सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का ड्राइवर साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉले के पीछे निकले बड़े हिस्से से बस सीधी टकरा गई, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए रावतसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया।
- Advertisement -
एसडीएम संजय अग्रवाल के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं तीन से चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

